Site icon The Mountain People

दून यूनिवर्सिटी में 88.4 FM कम्युनिटी रेडियो का शुभारंभ, CM धामी ने छात्रों को दीं कई सौगातें

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल पढ़ाई और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नई सोच और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण समय है।

मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय में ₹11.20 करोड़ की लागत से निर्मित बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और ₹17.39 करोड़ की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 FM का भी शुभारंभ किया।

केंद्रीय पुस्तकालय अब बाबा साहेब के नाम

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दून विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। कम्युनिटी रेडियो के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद सृजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय को दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

विदेशी भाषा विभाग होंगे मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि दून विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को मजबूत किया जाएगा। स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषाओं के लिए आवश्यक पदों का सृजन किया जाएगा।

इन विभागों के माध्यम से राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

AI, मशीन लर्निंग और बिग डेटा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर नवाचार और तकनीक का है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रदेश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में AI, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

34 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को इंटरव्यू की तैयारी के लिए ₹50 हजार तक की सहायता भी दी जा रही है।

शोध के लिए 18 लाख रुपये तक का अनुदान

उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत प्राध्यापकों को ₹18 लाख तक का शोध अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में नए महाविद्यालय, मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का युवा विकास का विजन केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

होम-स्टे, ऑर्गेनिक फार्मिंग, पर्यटन और स्थानीय उद्यमों के जरिए राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि “उत्तराखंड की जवानी और पानी दोनों उत्तराखंड के काम आएं।”

युवाओं से लक्ष्य पर डटे रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और नई सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

Exit mobile version