हर घर नल से जल पर CM धामी का सख्त रुख, देरी पर तय होगी जिम्मेदारी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए हर पात्र ग्रामीण परिवार तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि मिशन की सफलता सिर्फ नल कनेक्शन देने से नहीं, बल्कि हर घर में पर्याप्त, सुरक्षित और लगातार पानी पहुंचने से तय होगी।

15,540 योजनाएं पूरी, 1,015 पर काम जारी

बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के तहत कुल 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत बताई गई है, जबकि 1,015 योजनाओं पर काम जारी है।

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन और लंबित योजनाओं को मिशन मोड में तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर योजनाओं से जुड़ी अड़चनों का जल्द समाधान कराने को कहा गया।

14.20 लाख ग्रामीण परिवारों तक पहुंचा नल का पानी

ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन देने की स्थिति की समीक्षा में बताया गया कि राज्य में कुल 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।

वहीं, 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल की उपलब्धता का सत्यापन पूरा हो चुका है।

सिर्फ कनेक्शन नहीं, पानी की गुणवत्ता भी जरूरी

मुख्यमंत्री ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल की गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवीकरण के साथ वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के रिचार्ज पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

देरी हुई तो तय होगी जवाबदेही

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले के लिए लक्ष्य, समयसीमा और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय करने को कहा। उन्होंने योजनाओं के संचालन और रख-रखाव की स्थायी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में वित्तीय प्रबंधन, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव और आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

 
(Visited 60 times, 1 visits today)