TMP: प्रयागराज से झांसी जा रही तेज रफ्तार कार… अचानक संतुलन बिगड़ा… डिवाइडर से जोरदार टक्कर और फिर गाड़ी कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी। हादसे का यह खौफनाक मंजर अब सामने आए डैशकैम वीडियो में कैद हो गया है। दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रही कार में माफिया से नेता बने अतीक अहमद का छोटा बेटा आबान अहमद सवार था।
यह हादसा 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ था। घटना के करीब छह दिन बाद 12 अगस्त को सामने आया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुछ सेकंड में पलट गई पूरी कार
वायरल वीडियो में हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य नजर आ रहा है। इसी दौरान कैमरे के सामने चल रही SUV अचानक सड़क से नीचे की ओर जाती दिखाई देती है। कुछ ही पलों में कार डिवाइडर से टकराती है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV हवा में उछलकर कई बार पलटती है और फिर सड़क पर आ गिरती है। पूरा हादसा कुछ ही सेकंड में हो जाता है।
पुलिस अब इस वीडियो को हादसे की जांच में अहम सुराग मानकर देख रही है। कार की रफ्तार और दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
भाई अली से मिलने झांसी जा रहा था आबान
बताया जा रहा है कि आबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करने झांसी जा रहा था। अली अहमद को नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। आबान के साथ उसके कुछ दोस्त भी कार में मौजूद थे।
हादसे में आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए दोनों भाई
आबान की मौत के बाद अतीक अहमद के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। आबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके भाइयों उमर अहमद और अली अहमद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल की मांग की थी।
अदालत ने दोनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी। उन्हें सीधे कब्रिस्तान ले जाया गया और मीडिया से बातचीत पर रोक रही।
आबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
अब हादसे के वीडियो से उठे कई सवाल
डैशकैम फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच को एक अहम दृश्य साक्ष्य मिला है। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि आखिर कार अनियंत्रित क्यों हुई और हादसे से ठीक पहले उसकी रफ्तार कितनी थी।

