तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, एक व्यक्ति और वाहन के बहने की सूचना; मलारी मार्ग बंद
The Mountain People
देहरादून: चमोली जिले में लगातार बारिश के बीच ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में तेज जलप्रवाह के कारण बेली ब्रिज बह गया। हादसे में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के पानी के तेज बहाव में बहने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही निचले और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
SDRF और NDRF की टीमें रवाना
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के अनुसार, तमकनाला में 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा बनाया गया बेली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह की चपेट में आने से पूरी तरह बह गया। नाले में अचानक पानी बढ़ने के दौरान एक व्यक्ति और कैंपर वाहन के बहने की सूचना मिली है।
सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
गांवों में राशन-दवाओं की आपूर्ति पर भी नजर
ब्रिज बहने से आसपास के गांवों में आवाजाही और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों के जरिए ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाएगी।
नदी-नालों के आसपास रहने वालों को अलर्ट
मुख्यमंत्री ने नदी-नालों और तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने को कहा है।
SEOC से 24 घंटे निगरानी
सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के संवेदनशील इलाकों की 24×7 निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए निचले और नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
मलारी मार्ग पर यात्रा से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक मलारी की ओर यात्रा नहीं करने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम और तेज जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।