Site icon The Mountain People

तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रगौरव का संदेश, सीएम धामी बोले- देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड

 

 

 

देहरादून:  स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को देहरादून में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। गांधी पार्क में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्पबद्ध रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक और तकनीकी प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के जरिए भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने कई क्षेत्रों में नई दिशा प्रस्तुत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने अपनी सैन्य क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। रक्षा क्षेत्र में भारत अब निर्यातक देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है और यहां की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 1,750 से अधिक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है और सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता जैसे कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

युवाओं के रोजगार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें और देश की एकता, अखंडता तथा गौरव को और मजबूत बनाने में योगदान दें।

Exit mobile version