Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में 9.87 लाख पेंशनरों को ₹146.32 करोड़ की सौगात, CM धामी ने DBT से जारी की जुलाई की पेंशन

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की। सरकार ने कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और अन्य पात्र लाभार्थियों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया गया है।

वृद्धावस्था पेंशन में सबसे ज्यादा लाभार्थी

जुलाई माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये दिए गए।

वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 35.54 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।

किसान और अन्य पेंशन योजनाओं का भी भुगतान

किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ रुपये तथा परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को करीब 99.40 लाख रुपये दिए गए।

इसके अलावा भरण-पोषण अनुदान के 7,383, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी निर्धारित धनराशि का भुगतान किया गया।

2.15 लाख पेंशनरों को SNA स्पर्श से भुगतान

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि इस भुगतान में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) से जुड़े करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन्हें अब SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग को सरकार अपने परिवार का हिस्सा मानती है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका अधिकार समय पर, सम्मानपूर्वक और बिना परेशानी मिले। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की प्रगति से ही उत्तराखंड को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

 
 
 
Exit mobile version