Site icon The Mountain People

“मम्मी…अब मुझसे नहीं सहा जाता”- शिक्षिका सृष्टि की मौत ने छोड़े कई सवाल, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

photo - Social Media

 

 

 

देहरादून: डोईवाला क्षेत्र में सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। एक ओर सोशल मीडिया पर उनका भावुक वीडियो वायरल हो रहा है, तो दूसरी ओर परिजनों ने पति, सास और ननद पर दहेज की मांग, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच CB-CID को सौंपने के आदेश जारी किए गए हैं।

नवंबर 2025 में हुई थी शादी

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका थीं। नवंबर 2025 में उनका विवाह देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुआ था, जो उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

परिजनों का आरोप— शादी के बाद बदल गए हालात

मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका कहना है कि पति, सास और ननद लगातार सृष्टि के साथ दुर्व्यवहार करते थे।

‘मनहूस’ कहकर किया जाता था अपमान

परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ महीनों बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया। इसके बाद परिवार ने कथित तौर पर सृष्टि को “मनहूस” कहना शुरू कर दिया। बाद में ससुर के निधन का जिम्मेदार भी उसे ही ठहराया गया। परिवार का आरोप है कि इस तरह की बातें लगातार कहकर उस पर मानसिक दबाव बनाया जाता रहा।

वायरल वीडियो और संदेश की भी जांच

घटना के बाद सोशल मीडिया पर सृष्टि का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें वह बेहद भावुक दिखाई देती हैं। वीडियो में वह अपनी मां से माफी मांगते हुए कहती हैं कि वह लंबे समय से सब कुछ सह रही थीं और अब यह सहन नहीं हो पा रहा।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश भी सामने आया है, जिसमें पिछले कई महीनों से मानसिक प्रताड़ना झेलने का उल्लेख है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो और संदेश की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

परिवार को देर से मिली मौत की सूचना

मृतका की मां का कहना है कि जब काफी देर तक बेटी से संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा। वहां से जानकारी मिली कि सृष्टि को अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो पता चला कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें समय पर घटना की सूचना नहीं दी गई।

दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज

मृतका की मां की शिकायत पर डोईवाला पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच प्रारंभिक रूप से पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर CB-CID जांच

मामले को लेकर विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गृह सचिव को मामले की जांच CB-CID को सौंपने के निर्देश दिए। अब एजेंसी पूरे प्रकरण की गहन जांच करेगी।

जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर

फिलहाल इस मामले में कई सवालों के जवाब जांच पर निर्भर हैं। पुलिस और CB-CID पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल सामग्री और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। जांच पूरी होने तक आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Exit mobile version