देहरादून: उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस को इस बार जनभागीदारी के साथ यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेशभर में देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राज्य और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, जल संरक्षण अभियान, हाई एल्टीट्यूड एडवेंचर गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रमुख शहरों में पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल और एनसीसी के बैंड द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का उत्साह जन-जन तक पहुंचे।
15 अगस्त का कार्यक्रम तय
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अगस्त को सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य सचिव सुबह 9 बजे सचिवालय में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि अन्य जिलों में जिलाधिकारी सुबह 9:30 बजे जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
देशभक्ति गीतों से गूंजेगा प्रदेश
14 अगस्त की शाम से लेकर 15 अगस्त की सुबह तक प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश मुख्यालय में 14 अगस्त को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
स्कूलों में प्रभात फेरी से सांस्कृतिक कार्यक्रम तक
सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और देहरादून के जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का उद्देश्य इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन के उत्सव के रूप में मनाना है।

