Site icon The Mountain People

कारगिल के शूरवीरों को सीएम धामी का सलाम, बोले- वीरों का बलिदान राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

 

 

 

देहरादून: कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों और भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के वीर जवानों ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर सपूतों के इस त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल देवभूमि के रूप में नहीं, बल्कि वीरभूमि के रूप में भी है। यहां की सैनिक परंपरा देशभर में गौरव का विषय है और प्रदेश का लगभग हर परिवार किसी न किसी रूप में भारतीय सेना से जुड़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले प्रत्येक सैनिक और उनके आश्रितों को हरसंभव सहयोग मिले।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के वीर शहीदों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।

 
 
Exit mobile version