Site icon The Mountain People

अग्निवीरों को होमस्टे पर मिलेगा विशेष अनुदान; उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला ‘अग्निवीर सेल’- सीएम

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों के भविष्य को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की हैं। देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों को सम्मानजनक भविष्य देने के लिए विशेष नीति पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। इसके साथ ही सीमावर्ती गांवों में स्थानीय युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए स्वरोजगार से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु भी विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ स्थापित किया जाएगा। यह सेल उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का काम करेगा।

यह भी पढ़ें : पिथौरागढ़ की आरती ने रोमानिया में लहराया तिरंगा, गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन समेत सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता देने का निर्णय ले चुकी है।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जा चुकी है। साथ ही युद्ध विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “अग्निवीर बनना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं के पूरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे।”

कार्यक्रम में यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवत्त) गुलाब सिंह रावत, विधायक बृजभूषण गैरोला, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी, प्रशिक्षु अग्निवीर और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 
 
Exit mobile version