बदरीनाथ चढ़ावा घोटाले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व टेंपल ऑफिसर राजेंद्र सिंह चौहान गिरफ्तार
The Mountain People
गोपेश्वर: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई तेज करते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पूर्व टेंपल ऑफिसर राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में यह दूसरी बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है।
चार घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
एसआईटी ने शुक्रवार को राजेंद्र सिंह चौहान को पूछताछ के लिए बुलाया था। करीब चार घंटे तक चली पूछताछ के दौरान उनके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों में कथित तौर पर विरोधाभास मिलने के बाद टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
रिटायरमेंट के कुछ दिन बाद कार्रवाई
राजेंद्र सिंह चौहान इसी वर्ष 30 जून को टेंपल ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के कुछ ही दिनों बाद हुई इस गिरफ्तारी से बीकेटीसी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
इस मामले में एसआईटी इससे पहले बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं अनियमितताओं के सामने आने के बाद मंदिर समिति ने मुख्य खजांची संदीप मेहता को उनके पद से भी हटा दिया था।
जांच का दायरा बढ़ा
एसआईटी अब बरामद दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि चढ़ावे की कथित हेराफेरी में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे या नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जा सकते हैं। बदरीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है।