Site icon The Mountain People

लखवाड़ परियोजना पर CS का बड़ा फैसला, 2034 नहीं अब 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य

 

 

 

देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इसे राष्ट्रीय महत्व की परियोजना बताते हुए उत्तराखंड जल विद्युत निगम (UJVNL) को दिसंबर 2034 के बजाय वर्ष 2031 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य दिया।

मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अगले दो-तीन दिनों में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने, मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने तथा PERT चार्ट के आधार पर समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण समय पर पूरे करने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें : सिलक्यारा टनल में फिर हादसा! लाइनिंग का हिस्सा गिरने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौत

उन्होंने कार्यदायी संस्था एलएंडटी और यूजेवीएनएल अधिकारियों को नियमित रूप से दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रीय जल आयोग की सभी तकनीकी आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा करने और प्रभावित परिवारों को भूमि मुआवजा वितरण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना पूरी होने के बाद उत्तराखंड सहित कई राज्यों को जल, सिंचाई और विद्युत के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा, इसलिए इसकी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version