सिलक्यारा टनल में फिर हादसा! लाइनिंग का हिस्सा गिरने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौत
The Mountain People
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक गिरने से मलबे में दबकर झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई।
हादसा रात करीब दो बजे बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। साथी श्रमिकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन घायल श्रमिक को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि NHIDCL ने घटना की जांच शुरू कर दी है और निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
गौरतलब है कि नवंबर 2023 में इसी सिलक्यारा टनल में हुए भूस्खलन के बाद 41 श्रमिक 17 दिनों तक सुरंग में फंसे रहे थे। उस समय देश के सबसे बड़े और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियानों में से एक चलाकर सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर टनल निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।