Site icon The Mountain People

त्रियुगीनारायण से मसूरी तक… उत्तराखंड को मिलेगा ‘Wedding Destination’ का नया ताज

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखण्ड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘Wed in Uttarakhand’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड जल्द ही देश-दुनिया का प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रियुगीनारायण, ऊखीमठ, मसूरी, टिहरी और रामनगर जैसे स्थलों को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे होटल, होमस्टे, स्थानीय कारीगर, लोक कलाकार, टैक्सी संचालक और छोटे कारोबारियों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि अध्यात्म, संस्कृति और वेलनेस का भी अद्भुत संगम है। राज्य सरकार वेडिंग टूरिज्म के साथ स्पिरिचुअल और वेलनेस टूरिज्म को भी बढ़ावा दे रही है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और हेलीपोर्ट जैसी परियोजनाएं पर्यटन को नई रफ्तार देंगी।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों से उत्तराखंड में निवेश और सुझाव देने का आह्वान करते हुए कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन से निकले सुझाव राज्य के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Exit mobile version