Site icon The Mountain People

यमुनोत्री मार्ग पर मलबे से रास्ता बंद, SDRF ने रोप के सहारे 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

 

 

 

उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान शनिवार को सयानाचट्टी के पास भारी मलबा आने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क बंद होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत अभियान चलाया और करीब 100 यात्रियों को सुरक्षित पार कराया।

SDRF पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। वहीं, जानकीचट्टी पोस्ट से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी राहत कार्य में शामिल हुई।

मौके पर सड़क पूरी तरह मलबे से ढकी होने के कारण जवानों ने वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा के लिए रोप (रस्सी) फिक्स की। इसके बाद यात्रियों को एक-एक कर सावधानीपूर्वक रस्सी के सहारे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF जवानों ने कठिन परिस्थितियों में संयम और दक्षता का परिचय देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

SDRF ने एक बार फिर कहा है कि प्रदेश में आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए उसकी टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। वहीं प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने और यात्रा से पहले मार्ग की जानकारी लेने की अपील की है।

Exit mobile version