Site icon The Mountain People

जसपुर में मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़, कार से बाइक को मारी टक्कर; युवक की कुचलकर हत्या

photo : jagran

 

 

 

 

जसपुर: ऊधम सिंह नगर के जसपुर में मामूली कहासुनी ने शुक्रवार रात खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि दिन में हुए विवाद के बाद कार सवार युवकों ने बाइक का पीछा कर उसे टक्कर मार दी और सड़क पर गिरे एक युवक को कार से कुचल दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन कुमार अपने साथी हर्ष और लवीश के साथ बाइक से लौट रहे थे। खेड़ा रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि कार चालक ने नितिन को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नितिन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हर्ष और लवीश का उपचार जारी है।

मृतक के पिता बनारसी दास ने आरोप लगाया कि दिन में हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जसपुर विधायक आदेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश जारी है।

Exit mobile version