Site icon The Mountain People

भवाली में बारिश के बीच सुरक्षा दीवार ढही, घर में घुसा मलबा; सो रहे दंपती की बची जान

 

 

 

भवाली: नैनीताल जिले के भवाली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। रामगढ़ रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई, जिससे भारी मात्रा में मलबा नीचे बने एक घर में घुस गया। उस समय घर में दंपती सो रहे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दंपती को घर से निकालकर पास के एक होटल में सुरक्षित ठहराया।

पीड़ित महेश के भतीजे प्रेम कुमार ने बताया कि मकान के ऊपर पहाड़ी में निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि जेसीबी से की गई खुदाई के कारण पहाड़ी कमजोर हो गई, जिसके चलते सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई और मलबा सीधे घर में आ गया।

घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह क्षेत्रीय पटवारी राकेश कठायत ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन भवन की सुरक्षा दीवार गिरने से मलबा घर में पहुंचा है। मकान मालिक ने मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने का आश्वासन दिया है।

प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया है। साथ ही नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 
Exit mobile version