एएनआई : विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोशल मीडिया पर सक्रिय फर्जी अकाउंट्स को लेकर लोगों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कुछ लोग खुद को मंत्रालय का सलाहकार बताकर व्यापार, माइग्रेशन और अन्य नीतिगत मामलों पर सलाह देने का झूठा दावा कर रहे हैं तथा इसके नाम पर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्रालय ने अपने आधिकारिक फैक्ट-चेक हैंडल के माध्यम से कहा कि ऐसे अकाउंट्स भ्रामक जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कुछ मामलों में ये कथित सलाहकार मंत्रालय के साथ काम करने या नीतिगत मार्गदर्शन देने के नाम पर भुगतान लेकर सेशन आयोजित करने का दावा भी कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि इन व्यक्तियों या अकाउंट्स का सरकार अथवा मंत्रालय से किसी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे दावों पर विश्वास न करें और किसी भी तरह के प्रलोभन या झूठे वादों से सतर्क रहें।
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश नीति, व्यापार, प्रवासन या अन्य सरकारी मामलों से जुड़ी जानकारी के लिए केवल मंत्रालय के आधिकारिक और सत्यापित प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली संदिग्ध पोस्ट या दावों की सत्यता जांचे बिना उन पर भरोसा न करें।

