देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का मुकाबला किसी भी राजनीतिक दल से नहीं है। पार्टी का लक्ष्य केवल पिछले चुनावों में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई से शुरू होने वाले 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ के दौरान सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान करेगी।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण 4 जुलाई से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण की तरह इस बार भी विभिन्न स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि 4 जुलाई भाजपा और प्रदेश के लिए दोहरी खुशी का दिन होगा, क्योंकि इसी दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनने का नया रिकॉर्ड भी स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों में उत्साह का माहौल है।
कांग्रेस पर कसा तंज
कांग्रेस द्वारा “टिकाऊ उम्मीदवार” तलाशने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को अपनी पार्टी में मची भगदड़ की चिंता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को डर है कि उनके उम्मीदवार चुनाव से पहले या जीतने के बाद पार्टी छोड़ सकते हैं, इसलिए उन्हें “टिकाऊ” उम्मीदवारों की तलाश करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां टिकट किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा से नहीं बल्कि संगठन के प्रति समर्पण, कार्यक्षमता और जीत की संभावना के आधार पर तय किए जाते हैं। भाजपा में जो भी आता है, वह विचारधारा से जुड़कर स्थायी कार्यकर्ता बन जाता है।
राम मंदिर मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठाए गए सवालों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, उनके द्वारा आज सनातन और राम मंदिर की चिंता जताना पाखंड है।
उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े मामले में आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और जांच तेजी से जारी है। जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
‘रिकॉर्ड सुधारना ही भाजपा का लक्ष्य’
आगामी चुनावों में कांग्रेस और यूकेडी से मुकाबले के सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा किसी भी दल को अपना प्रतिद्वंद्वी नहीं मानती। उन्होंने कहा कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन से बेहतर परिणाम हासिल करना है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार जनकल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है और भाजपा संगठन जनता के सुख-दुख में मजबूती से खड़ा है। ऐसे में पार्टी का उद्देश्य पहले से अधिक सीटें और अधिक जनसमर्थन हासिल करना है।
Related posts:
Related posts:
- जंगलों में लगी आग ने पहाड़ों के भूगोल और भविष्य को दी है चुनौती…
- चारधाम यात्रा में मातम: उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
- आतंक पर भारत का वार: ऑपरेशन सिंदूर से दहला पाकिस्तान, सैटेलाइट बनी भारत की सुरक्षा रीढ़
- ऑपरेशन जासूस’ का बड़ा खुलासा: पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे 12 एजेंट भारत में गिरफ्तार

