Site icon The Mountain People

अग्नि सुरक्षा पर सरकार सख्त: अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों और मॉल का होगा राज्यव्यापी ऑडिट

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से फायर फाइटिंग उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियों की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में बढ़ते शहरीकरण और सार्वजनिक भवनों में लोगों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी संस्थानों में आपदा प्रबंधन एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए।

सीएम धामी ने अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से फायर सेफ्टी ऑडिट पूरा करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर खामियों को दूर करने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version