Site icon The Mountain People

संतों के आशीर्वाद से बनेगा श्रेष्ठ उत्तराखंड, सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सीएम धामी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, आध्यात्मिक पहचान और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का सबसे मजबूत आधार है, जिसने हर युग में समाज को दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सोमवार को हरि सेवा आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का अभिनंदन किया और आश्रम द्वारा संचालित सेवा एवं समाज जागरण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर से गुजर रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय इसी सोच का परिणाम हैं। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में “सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज” की स्थापना की गई है, जहां भारतीय दर्शन, संस्कृति और सभ्यता पर उच्च स्तरीय अध्ययन और शोध कार्य होंगे। इसके अलावा हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की प्रक्रिया भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिचेतानंद जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए संत समाज से राज्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संतों के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, कैबिनेट मंत्री  सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे

Exit mobile version