Site icon The Mountain People

कांग्रेस के केंद्रीय नेता उत्तराखंड में कर रहे सियासी पर्यटन, जनता अब भ्रम में नहीं आने वाली: महेंद्र भट्ट

 

 

 

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता उत्तराखंड में राजनीतिक पर्यटन करने आ रहे हैं और अपने कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसकी वास्तविकता को भली-भांति समझ चुकी है, इसलिए उसका दुष्प्रचार अभियान पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।

मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, जिसका समर्थन लगातार चुनावी परिणामों में भी दिखाई देता है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं के हालिया दौरों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेता प्रदेश में आकर केवल राजनीतिक बयानबाजी करते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता से उनका कोई जुड़ाव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व केवल नकारात्मक राजनीति कर राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक स्थिति भी कमजोर है। वर्षों से पार्टी आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है और प्रदेश स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने में विफल रही है। ऐसे में सरकार बनाने और विकास के दावे करना केवल राजनीतिक कल्पना मात्र है।

उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही नकल विरोधी कानून ने युवाओं के बीच विश्वास का माहौल बनाया है और यह कानून देशभर में एक मिसाल बनकर उभरा है।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर संवेदनशील मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जनभावनाओं और जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेती है, जबकि कांग्रेस ऐसे विषयों पर भी राजनीतिक लाभ तलाशने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों को पहचान चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका प्रभाव साफ दिखाई देगा।

भट्ट ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा विकास, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर आगे भी जनता का समर्थन प्राप्त करती रहेगी।

Exit mobile version