खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, पारंपरिक थारू सांस्कृतिक नृत्य और अंगवस्त्र भेंट कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास और जनकल्याण से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित ‘दीदी कैफे’ का उद्घाटन भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनसेवा के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पारदर्शिता बढ़ाई है और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे व्यवस्था में विश्वास मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई संपर्क के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन फैसलों से सामाजिक व्यवस्था मजबूत हुई है और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिली है।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और यह कार्यक्रम उसी सोच को साकार करने का माध्यम है।
खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और विकास की रफ्तार आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील और सक्रिय नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खटीमा सहित पूरे क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन इकाइयों के लिए आर्थिक सहायता वितरित की, कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों और किसानों को कृषि उपकरण एवं अनुदान उपलब्ध कराया, समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए, स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की तथा सहकारिता विभाग ने शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए।

