खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विश्व मंच पर अपनी मजबूत और प्रभावशाली पहचान स्थापित की है। जनकल्याण, सुशासन और विकास को केंद्र में रखकर लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों ने देश को नई दिशा देने का काम किया है।
खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री का क्षेत्रवासियों ने छोलिया और थारू सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने बेटियों को सम्मान और अवसर दिए, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से राहत मिली और हर घर जल योजना ने दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है। उत्तराखंड में भी पात्र नागरिकों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल अपने नागरिकों को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराया, बल्कि कई देशों को वैक्सीन देकर वैश्विक सहयोग और मानवता का संदेश भी दिया। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके तहत नकल माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

