Site icon The Mountain People

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, 30 यात्री सुरक्षित निकाले गए

 

 

 

 

हरिद्वार: गंगा दर्शन कर राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं की एक डबल डेकर बस में शनिवार देर शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हालांकि चालक की सूझबूझ, पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार राजस्थान के कोटा से आए श्रद्धालुओं का दल हरिद्वार दर्शन के बाद वापस लौट रहा था। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर सर्वानंद घाट के समीप पहुंचते ही बस में अचानक आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा।

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

Kundan Singh Rana के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को बस से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। वहीं दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

Abhay Pratap Singh ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में बस में डीजल लीक होने के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

 
Exit mobile version