Site icon The Mountain People

मुख्य सचिव ने किया बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण, पर्यटन व आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर

 

 

 

टिहरी गढ़वाल: मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र में स्थित बजरंग सेतु तथा नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

तपोवन स्थित बजरंग सेतु के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री और वित्तीय सहयोग से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजनालय को रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने और मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।

इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 
Exit mobile version