Site icon The Mountain People

प्रदेश की विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री ने दी ₹29.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

 

 

 

 

TMP: प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं के विस्तार को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹29.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने आवास विभाग के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य के लिए ₹48.82 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹19.53 करोड़ जारी किए गए हैं।

इसके अलावा जनपद अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के लिए ₹1.36 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹50 लाख जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पंपों की खरीद हेतु ₹9.73 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹3.89 करोड़ जारी किए गए हैं।

वहीं नगर निगम पिथौरागढ़ क्षेत्र के वार्ड नेड़ा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य हेतु ₹9.81 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹1.97 करोड़ जारी किए गए हैं।

इसके साथ ही कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा प्रस्तावित अस्थायी प्रकृति के 10 मरम्मत कार्यों के लिए ₹3.21 करोड़ की योजना को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

 
Exit mobile version