Site icon The Mountain People

नेपाल सीमा पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण, सचिव विनोद कुमार सुमन ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

 

 

 

देहरादून/खटीमा: आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नेपाल सीमा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर शासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने खटीमा पहुंचकर मेलाघाट क्षेत्र में जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य अत्यंत आवश्यक हैं, वहां शीघ्र कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावित कार्यों का विस्तृत स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय रहते आवश्यक स्वीकृतियां दी जा सकें।

सचिव ने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और संभावित खतरे की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद लोहियाहेड कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्षाकाल से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जहां भी भविष्य में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की आवश्यकता हो सकती है, वहां पहले से ही कार्ययोजना तैयार रखी जाए, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

बैठक में अपर जिला अधिकारी कोस्तुभ मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने जानकारी दी कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी और मेलाघाट-सिसैया क्षेत्र को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा मोहम्मदपुर भुड़िया क्षेत्र को देवहा नदी के कटाव से बचाने के लिए भी बाढ़ सुरक्षा कार्य जरूरी हैं।

सचिव विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि इन कार्यों के लिए शासन स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Exit mobile version