बस्तर/देहरादून: CM Pushkar Singh Dhami ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के सहयोग से वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और दिव्य-भव्य कुंभ मेले का आयोजन ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने यह बात छत्तीसगढ़ के बस्तर में Amit Shah की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में कही। बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, आधारभूत संरचनाओं के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बैठक में उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद, सहयोग और समन्वय से ही देश के संतुलित और समग्र विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में सहकारी एवं समन्वित संघीय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम देशभर में दिखाई दे रहे हैं।
नंदा राजजात और कुंभ की तैयारियों पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों का विषय प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि ये दोनों आयोजन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं।
उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र और राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता होगी।
आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर भी चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को और अधिक मजबूत किया जाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत विकास, पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Related posts:
Related posts:
- केदारघाटी में फंसे दस हज़ार यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
- वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पेश, केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने तिरुचेंदुरई गांव के भूमि विवाद पर उठाई चिंता
- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एम्स ऋषिकेश के छठे दीक्षांत समारोह को किया संबोधित
- उत्तराखंड को ₹1252 करोड़ की बड़ी सौगात: कुम्भ-2027 से लेकर शिक्षा, सड़क और पर्यटन तक कई योजनाओं को मिली मंजूरी

