देहरादून/सर्बिया: डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में उत्तराखंड का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सर्बिया पहुंचकर वहां की निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रहा है। यह दौरा भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर आयोजित किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण कर वहां की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन को करीब से समझा। इस दौरान सर्बिया में भारत के राजदूत अभिषेक शुक्ला भी मौजूद रहे।
नोवी साद विधानसभा की चेयरमैन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत-सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक सहयोग को अहम बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया के प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ बैठक कर वहां की चुनाव प्रणाली, प्रशासनिक ढांचे और मतदाता जागरूकता अभियानों का विस्तृत अध्ययन किया। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरे से दोनों देशों के बीच निर्वाचन प्रबंधन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को लेकर अनुभव साझा करने का अवसर मिला है।
इस प्रतिनिधिमंडल में डॉ. पुरुषोत्तम के साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे और बीएलओ मोहम्मद कलीम शामिल हैं।
यह अध्ययन दौरा न केवल उत्तराखंड की चुनावी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने में मदद करेगा, बल्कि भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक सहयोग को भी नई दिशा देगा।