Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी: दो दिन ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर

 

 

 

 

देहरादून: देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। रविवार को आए आंधी-तूफान और बारिश के बाद आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के साथ आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की और जरूरी निर्देश जारी किए।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा 4 और 5 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में अलर्ट रहेगा, जबकि 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मौसम से जुड़ी हर अपडेट को राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से तुरंत आम लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते सतर्कता बरती जा सके।

सचिव ने सड़कों के बाधित होने की घटनाओं पर भी सख्ती दिखाई और कहा कि सभी बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोला जाए। अधिकांश स्थानों पर यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि बाकी मार्गों को भी तेजी से सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। खराब मौसम में किसी भी तरह का जोखिम न लेने और जरूरत पड़ने पर उड़ानों को तुरंत स्थगित करने को कहा गया है।

प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी संभावित आपदा के खतरे को कम किया जा सके।

 
 
Exit mobile version