Site icon The Mountain People

नगाण गांव में आध्यात्मिक माहौल: CM धामी ने श्रीमद्भागवत कथा में लिया भाग, प्रदेश की खुशहाली की कामना

 

 

 

 

उत्तरकाशी: CM धामी ने तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने भगवान की कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

शनिवार को भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित इस कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति का स्वर्णिम काल आया है। उन्होंने काशी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के विवेक और बुद्धि को जागृत करता है, साथ ही पितरों को भी मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि जैसे वृंदावन में वृंदा धाम है, वैसे ही यहां चारधाम विराजमान हैं, जो इसे विशेष आध्यात्मिक पहचान देते हैं।

उन्होंने राज्य में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के बाद बद्रीनाथ में भी मास्टर प्लान के तहत तेजी से काम हो रहा है। विकास को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव के ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
Exit mobile version