श्रीनगर गढ़वाल: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र रविवार शाम अलकनंदा नदी में नहाते समय डूब गया। तेज बहाव के कारण देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका है, जबकि रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष का छात्र आनंद सोहन (23) निवासी तेलंगाना अपने चार दोस्तों के साथ शाम करीब चार बजे नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान अचानक जलस्तर और बहाव बढ़ने से वह संतुलन खो बैठा और धारा में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कैलाश रवि के नेतृत्व में पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया।
कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे विशेष सतर्कता बरतें और तेज बहाव के दौरान पानी में उतरने से बचें।
