रुद्रप्रयाग: आस्था के प्रमुख केंद्र केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की प्रक्रिया शनिवार से विधिवत शुरू हो रही है। इसकी शुरुआत ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा भुकुंट भैरव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगी।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार, 18 अप्रैल को शाम 7 बजे केदारपुरी के रक्षक बाबा भुकुंट भैरव की पूजा के बाद परंपरानुसार आरती संपन्न की जाएगी।
19 अप्रैल को निकलेगी डोली
19 अप्रैल को पूजा-अर्चना के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
- 19 अप्रैल: डोली फाटा में रात्रि विश्राम
- 20 अप्रैल: गौरीकुंड स्थित गौरामाई मंदिर पहुंचेगी
- 21 अप्रैल: केदारनाथ धाम में प्रवेश
- 22 अप्रैल: सुबह 8 बजे बाबा केदारनाथ अपने गर्भगृह में विराजमान होंगे और कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे
मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी तय
इस वर्ष एमटी गंगाधर लिंग केदारनाथ धाम के मुख्य पुजारी के रूप में पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे।
चारधाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ धाम के कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और प्रशासन व मंदिर समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

