देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी शिक्षाएँ सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में बेहद प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित ऐसे प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक बनेगी।
मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस आध्यात्मिक प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार और गणमान्य उपस्थित रहे।