देहरादून: CM धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने पर जोर देते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही यातायात प्रबंधन की ठोस योजना तैयार करने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विस्तृत जानकारी ली और कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान गणेश जोशी, महेंद्र भट्ट, विनय शंकर पाण्डेय, राजीव स्वरूप, सविन बंसल और प्रमेन्द्र डोभाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।