Site icon The Mountain People

हल्द्वानी में धामी की हाई-लेवल मीटिंग: मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सख्ती, पर्यटन सीजन और जमरानी बांध को लेकर दिए बड़े निर्देश

 

 

 

 

हल्द्वानी/नैनीताल: CM पुष्कर सिंह धामी ने सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर कई अहम मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन, कानून-व्यवस्था और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ प्रशासन इनर लाइन पास जारी करेगा। साथ ही कैंचीधाम बाईपास का कार्य 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि मेट्रोपोल पार्किंग निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान पर जोर दिया। उन्होंने सोलर फेंसिंग लगाने, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने और आधुनिक तकनीक के उपयोग के निर्देश दिए। रामनगर, कालाढूंगी, हल्द्वानी और नैनीताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक मैनेजमेंट मजबूत करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सख्ती

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। 24×7 निगरानी और नियमित चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

जमरानी बांध परियोजना पर फोकस

मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को क्षेत्र के लिए गेमचेंजर बताते हुए कहा कि इससे पेयजल संकट दूर होगा, भूजल स्तर सुधरेगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की पहल

बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्युत, पेयजल और सिंचाई व्यवस्थाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, ललित मोहन रयाल, मंजूनाथ टीसी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 
Exit mobile version