Site icon The Mountain People

ऋषिकेश को जाम से राहत का ‘बड़ा रास्ता’—₹1105 करोड़ के 4-लेन बाईपास को मिली मंजूरी

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में यातायात सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने ऋषिकेश बाईपास परियोजना को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।

करीब 12.67 किलोमीटर लंबा यह 4-लेन बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर से खरासोटे पुल तक बनाया जाएगा। यह मार्ग भट्टोवाला और ढालवाला क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिससे शहर के भीतर भारी वाहनों और बाहरी ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।

इस परियोजना को EPC मोड पर तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य तय समय और लागत सीमा के भीतर ही पूरा किया जाएगा। इसके लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी और सभी तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : वीकेंड पर ‘हुड़दंग’ नहीं, सख्ती का प्लान! हाईवे खुलते ही देहरादून में अलर्ट मोड

मुख्यमंत्री ने इस स्वीकृति को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे न केवल ऋषिकेश में जाम की समस्या कम होगी, बल्कि चारधाम यात्रा और पर्यटन को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

यह बाईपास परियोजना खासतौर पर चारधाम यात्रा के दौरान लगने वाले भारी ट्रैफिक को डायवर्ट करने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों को भी सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।

परियोजना के पूरा होने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और पर्यटन गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version