देहरादून/खटीमा: CM धामी सोमवार को काशीपुर से सड़क मार्ग के जरिए खटीमा पहुंचे। इस दौरान पूरे यात्रा मार्ग पर मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत देखने को मिला, जहां हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।
काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, दिनेशपुर, किच्छा और सितारगंज समेत कई स्थानों पर स्थानीय जनता ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया। कई जगहों पर बुलडोजर से स्वागत कर लोगों ने उत्साह का अनोखा प्रदर्शन भी किया।
यात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ अपने “मुख्य सेवक” की एक झलक पाने के लिए घंटों सड़क किनारे डटी रही। जगह-जगह लगे स्वागत मंचों और कार्यक्रमों ने पूरे मार्ग को उत्सव में बदल दिया।
इस दौरान उमड़े जनसमर्थन को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास उन्हें प्रदेश के विकास के लिए और अधिक प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समग्र और संतुलित विकास की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है और जनता की भागीदारी से यह विकास यात्रा और मजबूत हो रही है।