देवीधुरा वाराही धाम का होगा भव्य कायाकल्प, सीएम धामी ने किया नव-निर्माण कार्य का शिलान्यास

 

 

 

देहरादून/चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास से श्री वाराही धाम, देवीधुरा (चम्पावत) में मंदिर के नव-निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है और इससे क्षेत्र की आस्था को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही का प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध बग्वाल मेला वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत उदाहरण है, जिसे राज्य सरकार ने राजकीय मेले का दर्जा भी दिया है।

“भव्य बनेगा वाराही धाम”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के नव-निर्माण से वाराही धाम को और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। यह धाम आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम, शक्तिपीठ और सिद्धपीठ हमारी सनातन परंपरा के जीवंत प्रतीक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन स्थलों के संरक्षण और पुनरुत्थान पर विशेष कार्य हो रहा है।

“आध्यात्मिक राजधानी बनेगा उत्तराखंड”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चम्पावत में बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर, मां रणकोची और मां पूर्णागिरी मंदिर का पुनर्विकास किया जा रहा है।

पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसके तहत 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण पर भी कार्य चल रहा है।

खेल, शिक्षा और सड़क सुविधाओं में विकास

  • लोहाघाट के छमनिया में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण

  • लगभग 257 करोड़ रुपये से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण

  • राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में 15 करोड़ रुपये से भवन और छात्रावास निर्माण

  • रीठा साहिब क्षेत्र में 24 करोड़ रुपये से सड़क सुधार कार्य पूर्ण

इसके अलावा शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग के सुधार, लोहाघाट में फायर स्टेशन भवन निर्माण और देवीधुरा में पुलिस चौकी निर्माण जैसे कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।

“विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में डीबीटी के माध्यम से पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा, श्याम नारायण पांडे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

(Visited 674 times, 1 visits today)