पौड़ी: जनपद में गुलदार (तेंदुआ) की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाकर संभावित जोखिम को कम करने में सहयोग करें।
प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई करना बेहद जरूरी है, ताकि जंगली जानवरों के छिपने की संभावना कम हो सके। इसके साथ ही शाम ढलने के बाद और रात्रि में घर व आसपास पर्याप्त रोशनी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
बच्चों और परिवार की सुरक्षा पर जोर
वन विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और स्कूल आने-जाने के दौरान किसी वयस्क के साथ रखने की अपील की है।
दिखे गुलदार तो क्या करें
-
घबराएं नहीं, शांत रहें
-
शोर न करें और पास जाने की कोशिश न करें
-
पीठ दिखाकर भागने से बचें
-
धीरे-धीरे पीछे हटते हुए सुरक्षित स्थान की ओर जाएं
-
जानवर की आंखों में सीधे न देखें
अन्य जरूरी सावधानियां
-
घर के आसपास कूड़ा-कचरा खुले में न डालें
-
पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें
-
रात में अकेले सुनसान जगहों पर जाने से बचें
डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग या वन्यजीव हेल्पलाइन नंबर 1926 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े खतरे को टाल सकती है।