देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि राज्य सरकार और महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि आयोग सोशल मीडिया पर महिलाओं से संबंधित घटनाओं और शिकायतों का स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
कुसुम कंडवाल ने बताया कि अब तक सामने आए अधिकांश मामलों में संबंधित पक्ष एक-दूसरे के परिचित रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अभिभावकों के लिए बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या की सूचना तुरंत 112 हेल्पलाइन नंबर पर दें। साथ ही गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड करने और महिला आयोग के दूरभाष नंबर पर संपर्क करने की भी सलाह दी।
सभी 13 जिलों में ‘महिला जनसुनवाई’ कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला आयोग द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 13 जिलों में 13 मार्च 2026 तक ‘महिला जनसुनवाई’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को देहरादून के जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 25 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य विमला नैथानी भी उपस्थित रहीं।

