Site icon The Mountain People

ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्र ने गंगनहर में कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में मानसिक पीड़ा का जिक्र

 

 

 

हरिद्वार: हरिद्वार स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने गंगनहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव पथरी पावर हाउस के पास गंगनहर से बरामद किया गया। कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्र के मानसिक रूप से परेशान और हताश होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान यशपाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का निवासी था और हरिद्वार में पढ़ाई के दौरान विकास कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। शुक्रवार देर रात तक यशपाल कमरे पर नहीं लौटा, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान कमरे से सुसाइड नोट मिलने पर अनहोनी की आशंका गहराई।

सूचना पर पुलिस ने खोजबीन तेज की और कुछ ही समय बाद पथरी पावर हाउस के पास गंगनहर से युवक का शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर मेला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। गोरखपुर से परिजनों के हरिद्वार पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।

सुसाइड नोट में यशपाल ने माता-पिता और बड़े भाई से माफी मांगते हुए लिखा कि वह स्वयं को कमजोर महसूस कर रहा था और जीवन से खुश नहीं था। नोट में उसकी मानसिक पीड़ा साफ झलकती है।

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। साथी छात्रों ने मामले की गहन जांच की मांग की। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि सुसाइड नोट से छात्र के मानसिक रूप से परेशान होने की पुष्टि होती है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version