Site icon The Mountain People

सीएम धामी ने सरस कॉर्बेट महोत्सव का आधिकारिक टीज़र किया लॉन्च, 18 से 24 फरवरी तक चम्पावत में होगा भव्य आयोजन

 

 

 

बनबसा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनएचपीसी सभागार, बनबसा में सरस कॉर्बेट महोत्सव के आधिकारिक टीज़र का लोकार्पण किया। यह सात दिवसीय भव्य आयोजन 18 से 24 फरवरी तक जनपद चम्पावत में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की दूरदर्शी परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरस कॉर्बेट महोत्सव चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक रंग, लोक परंपराएँ और प्रकृति की अनुपम छटा इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश तक पहुँचेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव के दौरान कुमाऊँ की लोकसंस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। बांसुरी, मस्कबीन और हुड़का की सुरमयी धुनों के बीच झोड़ा, छपेली और चांचरी जैसे पारंपरिक लोकनृत्य सांस्कृतिक संध्याओं को विशेष बनाएँगे। साथ ही जनपद के प्रमुख आस्था केंद्र—बालेश्वर मंदिर, पूर्णागिरि मंदिर और गोल्ज्यू देवता मंदिर—की आध्यात्मिक गरिमा भी महोत्सव की पहचान बनेगी।

उन्होंने कहा कि सरस मेला महोत्सव इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जहाँ स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं फूड फेस्टिवल में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा।

पर्यटन और रोमांच के शौकीनों के लिए सरस कॉर्बेट महोत्सव विशेष अनुभव लेकर आएगा। पंचेश्वर क्षेत्र में एंगलिंग, शारदा नदी में राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग और हॉट एयर बैलून जैसी साहसिक गतिविधियाँ पर्यटकों को रोमांच से भर देंगी। रात्रि में आयोजित लेजर शो महोत्सव को और अधिक भव्य व आकर्षक बनाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि यह महोत्सव चम्पावत को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।

 
 
Exit mobile version