Site icon The Mountain People

WINGS INDIA 2026 में उत्तराखंड को बड़ी उपलब्धि, एविएशन और इकोसिस्टम के प्रचार में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित

 

 

 

 

देहरादून: हैदराबाद स्थित बेगमपेट एयरपोर्ट में 29 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित देश के प्रतिष्ठित एविएशन इवेंट “WINGS INDIA 2026” में उत्तराखंड राज्य को “Best State for Promotion of Aviation & Ecosystem” के राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य सरकार की प्रभावी एविएशन नीतियों का प्रतिफल मानी जा रही है।

यह सम्मान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सचिव सचिन कुर्वे, अपर सचिव आशीष चौहान और संजय टोलिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ-साथ चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने में एविएशन सेक्टर का प्रभावी उपयोग किया है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए हेली सेवाओं का विस्तार, हेलीपोर्ट एवं हेलीपैड का विकास, यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में हवाई संसाधनों का बेहतर उपयोग उत्तराखंड की नई पहचान बना है।

चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और समय की कमी से जूझ रहे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा मिली, जिसकी देशभर में सराहना हुई। साथ ही सीमांत और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने, उड़ान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, एयर स्ट्रिप्स के उन्नयन और हेली-टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी राष्ट्रीय मंच पर विशेष रूप से सराहा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की जनता, राज्य सरकार की टीम और एविएशन सेक्टर से जुड़े सभी हितधारकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और तकनीक-समर्थ बनाने के साथ-साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी एविएशन और हेली-टूरिज्म हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य के लिए पर्यटन, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

 
 
Exit mobile version