देहरादून: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक अलंकरण कर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा प्रस्तुत ‘‘उत्तराखण्ड रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’ विषयक झांकी सहित महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पर्यटन, उद्यान, विद्यालयी शिक्षा, उरेड़ा, वन, उद्योग एवं संस्कृत शिक्षा विभाग की झांकियों ने दर्शकों का मन मोहा। प्रतियोगिता में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय तथा विद्यालयी शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
भव्य परेड में 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, महिला पीएसी, उत्तराखण्ड होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी बॉयज-गर्ल्स, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन एवं सीपीयू की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड प्रतियोगिता में सीआरपीएफ प्रथम, आईटीबीपी द्वितीय तथा 14वीं डोगरा रेजीमेंट तृतीय स्थान पर रही।
समारोह में राज्य के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छोलिया, गढ़वाली नृत्य, पाइप बैंड सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकतंत्र सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद नरेश बंसल, सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
इधर, गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने लोक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लेने का अवसर देता है। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में सभी नागरिकों की सहभागिता पर बल दिया।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं आधुनिक तकनीकों के सकारात्मक उपयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए प्रदेश की नारी शक्ति और युवाओं द्वारा नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना के साथ एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।

