देहरादून: 11 जनवरी 2026 को प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संवेदनशील इलाकों और बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से लोगों को परेशानी न हो। पुलिस ने कहा है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर किसी का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर किसी को भी कानून तोड़ने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी कार्य से बचें जिससे यातायात, व्यापार या जनजीवन प्रभावित हो। शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ, भ्रामक या उकसाने वाली सामग्री साझा न करने की भी अपील की गई है।
गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि जनता के सहयोग से ही प्रदेश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है और सभी से जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने का आग्रह किया गया है।

