देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में 17 प्रजातियों के ट्यूलिप उगाने की मुहिम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार ट्यूलिप के बल्ब रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में इस वर्ष कुल चार हजार ट्यूलिप बल्ब रोपे जा रहे हैं, जिनमें लेक पर्पल और बाईकलर जैसी आकर्षक रंगत वाली विशेष प्रजातियाँ भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को ट्यूलिप के व्यवसायिक उत्पादन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए और पुष्प उत्पादन व बागवानी के क्षेत्र में नवाचार पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की प्रक्रिया, जलवायु अनुकूलता और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री आवास परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन, मौनपालन (मधुमक्खी पालन) तथा बागवानी से जुड़े अन्य नवाचारों की भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्प उत्पादन और बागवानी से जुड़े नवाचार न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी सशक्त बनाएंगे।

