देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में जनपद चमोली के विकासखंड देवाल, ग्राम सभा मुंदोली निवासी भूतपूर्व सैनिक एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट श्री कलम सिंह बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओमान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की अत्यंत चुनौतीपूर्ण 120 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलम सिंह बिष्ट की यह उपलब्धि उत्तराखंड सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। रेगिस्तानी एवं पथरीले मार्गों पर आयोजित इस कठिन प्रतियोगिता में विश्व के विभिन्न देशों से आए हजारों एथलीट्स के बीच प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने भारत की खेल प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिष्ट भारतीय सेना की प्रतिष्ठित चौथी गढ़वाल राइफल में सेवाएं दे चुके हैं और उनका सैन्य अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं समर्पण उनके खेल जीवन में भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। उन्होंने कहा कि देश सेवा के उपरांत खेल के माध्यम से भी बिष्ट ने राष्ट्र का नाम गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कलम सिंह बिष्ट के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलम सिंह बिष्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान अन्य भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।

