अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि जी.आई.सी. ग्राउंड में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन-रात्रि उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान का निर्माण किया जाएगा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 200 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बिस्तरों की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा तथा स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पुनर्निर्मित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम और संकल्प से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानते हुए “विकसित और आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
“फिट युवा फॉर विकसित भारत” की थीम पर आयोजित यह सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का महाभियान है, जो ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में सहायक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे कार्यक्रमों से देश में खेलों को नई पहचान मिली है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड न केवल देवभूमि, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी स्थापित हुआ है। राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतकर नया इतिहास रचा गया, जिससे उत्तराखंड विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना वाले राज्यों में शामिल हो गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शीघ्र ही “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू करने जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है।
नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदियमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के समग्र विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई बड़ी योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पिछले चार वर्षों में 250 किमी से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है।
लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–पौड़ी–रुद्रप्रयाग सड़क तथा 922 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है। ‘उड़ान योजना’ के तहत हेली सेवाएं शुरू की गई हैं और फलसीमा में हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शोभन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटें और 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं। वहीं, गगास नदी पर 31.27 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय परियोजना से पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है।

